अयोध्या में 2.30 घंटे प्लेन में बम के लिए सर्च:एयर इंडिया का विमान 139 यात्रियों को लेकर आया था, क्रू को मिला था मैसेज

जयपुर से उड़ान भरने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट की उत्तर प्रदेश के अयोध्या एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की गई। इस फ्लाइट में बम की सूचना मिली थी। फ्लाइट में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसमें 139 यात्री सवार थे, उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, जयपुर से उड़ान भरने के बाद मैसेज मिला कि विमान में बम है। अयोध्या में लैंड होने के बाद CISF के जवानों ने विमान को अपने कब्जे में ले लिया। 2.30 घंटे चेकिंग के बाद फ्लाइट को क्लीन चिट दी गई। फिलहाल, यह फ्लाइट जयपुर के लिए उड़ान भर चुकी है। अयोध्या एयरपोर्ट की 2 तस्वीरें… अब पूरी घटना समझिए… फ्लाइट ने जयपुर से 10 मिनट लेट उड़ान भरी
इस फ्लाइट में सफर करने वाले जयपुर के अभिषेक ने दैनिक भास्कर को बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में 139 यात्री सफर कर रहे थे। उड़ान 12.25 बजे की थी, लेकिन 10 मिनट देरी से उड़ सकी। हम लोग अयोध्या में करीब 2 बजे लैंड हुए। इसके बाद करीब 30 मिनट तक नीचे नहीं उतरने दिया गया। हमें अंदर ही बैठाए रखा गया। हम लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर हुआ क्या है। क्रू स्टाफ ज्यादा कुछ बताने की स्थिति में नहीं था। नॉर्मल अनाउंसमेंट में हमें सीट पर बैठे रहने के लिए कहा जा रहा था। इस फ्लाइट में 70% यात्री 50 साल से ज्यादा की उम्र थे। उन्हें अंदर बैठे-बैठे घुटन महसूस होने लगी थी। इसको लेकर यात्रियों ने शिकायत करनी शुरू कर दी। CISF के जवानों ने फ्लाइट को घेरा
अभिषेक ने बताया- कुछ देर बाद CISF के जवानों ने हमारी फ्लाइट को घेर लिया। कुछ जवान अंदर आए और हमें कतार में नीचे उतारा गया। हमारा सामान फ्लाइट के अंदर ही छोड़ दिया गया। हमें करीब 200 मीटर दूर हवाई पट्‌टी पर ही बैठा दिया गया। लोग टर्मिनल की तरफ जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया। 3.30 घंटे तक यात्रियों को रोकने के बाद उन्हें घरों के लिए रवाना किया गया। अब हालात समझिए… यात्री डरे हुए थे, कुछ की तलाशी ली गई
पैसेंजर अभिषेक ने बताया- इस फ्लाइट में सफर कर रही महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग डरे हुए थे। उन्हें घर भी जाने नहीं दिया जा रहा था। अथॉरिटी के लोग भी कुछ नहीं बता रहे थे। जवानों ने उन्हें पहले 3-3 फीट की दूरी पर खड़ा कर दिया। कुछ लोगों की तलाशी भी हुई। धूप ज्यादा थी, इस पर लोगों को दीवार के सहारे जमीन पर ही बैठा दिया गया। हमें विमान भी दिख रहा था, वहां सर्च ऑपरेशन चलाने वाली टीम फ्लाइट की जांच कर रही थी। एयरपोर्ट के एमडी विनोद कुमार ने कहा- हमारे स्टाफ को एक मैसेज मिला, जिसमें बम होने की सूचना थी। फ्लाइट को आइसोलेट किया गया है। पैसेंजर और कार्गो की चेकिंग जारी है, लेकिन अभी तक बम नहीं मिला है। इसलिए दिल्ली एयर कंट्रोल को जानकारी भेजने के बाद फ्लाइट को जयपुर भेजा गया है। एयरपोर्ट के बाहर की 2 तस्वीरें… 14 अक्टूबर को 3 फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी
14 अक्टूबर को मुंबई से उड़ने वाली तीन फ्लाइट में बम होने की धमकी दी गई थी। पहली फ्लाइट मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की थी। सूचना मिलते ही विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। दूसरी इंडिगो की 6E-1275 थी, जो मुंबई से मस्कट जाने वाली थी। तीसरी फ्लाइट इंडिगो की 6E 56 थी, जो मुंबई से जेद्दाह जाने वाली थी। इससे पहले 9 अक्टूबर को लंदन से दिल्ली आ रही विस्तारा की फ्लाइट UK18 में बम की सूचना थी। 6 महीने में फ्लाइट में धमकी के 6 बड़े मामले… 21 अगस्त: एअर इंडिया की मुंबई से तिरुवनंतपुरम जा रही फ्लाइट 657 में बम की धमकी मिली थी। विमान तिरुवनंतपुरम पहुंच चुका था। तभी पायलट ने बम की सूचना दी। फ्लाइट में 135 पैसेंजर्स सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित की गई थी। फ्लाइट को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। जांच में कुछ नहीं मिला। 3 जून: अकासा एयर की दिल्ली-मुंबई फ्लाइट और इंडिगो की चेन्नई-कोलकाता फ्लाइट में बम की सूचना मिली थी। अकासा एयर की फ्लाइट को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया था। फ्लाइट में एक बच्चा और 6 क्रू मेंबर्स सहित 186 पैसेंजर्स सवार थे। दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भरने के बाद फ्लाइट में सिक्योरिटी अलर्ट मिला था। इसके बाद सुबह 10:13 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट की सेफ लैंडिंग कराई गई। 2 जून: पेरिस से 306 लोगों को लेकर मुंबई जा रही विस्तारा की फ्लाइट में बम की धमकी मिली थी। इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट पर पूर्ण इमरजेंसी घोषित कर दी गई। 2 जून की सुबह 10.19 बजे फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। 1 जून: चेन्नई से मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-5314 में बम की अफवाह फैली थी। इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी डिक्लेयर करके फ्लाइट की लैंडिंग कराई गई। इसमें 172 पैसेंजर्स थे। हालांकि, फ्लाइट में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मई में फ्लाइट में बम की धमकी से जुड़े दो मामले 28 मई: दिल्ली से वाराणसी जा रही फ्लाइट 6E-2211 में बम होने की धमकी मिली थी। विमान में दो बच्चे सहित 176 लोग सवार थे। फ्लाइट में सवार सभी यात्रियों को इमरजेंसी गेट से बाहर निकाला गया था। इसका वीडियो भी सामने आया था, जिसमें पैसेंजर्स और फ्लाइट क्रू को अपने सामान के साथ स्लाइड के जरिए बाहर निकलते हुए देखा गया। इस घटना के बाद इंडिगो ने SOP का पालन नहीं करने के लिए दो पायलट और केबिन क्रू मेंबर्स को हटा दिया था। 31 मई: दिल्ली से श्रीनगर जा रही विस्तारा की फ्लाइट UK 611 में शुक्रवार (31 मई) की दोपहर बम की खबर मिली थी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) श्रीनगर को फ्लाइट में बम होने वाला एक कॉल आया था। इसके बाद श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिकारियों और सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई की। —————————— यह भी पढ़े : बहराइच हिंसा के चश्मदीद तक पहुंचा भास्कर:बोले-भगवा लहराया तो राम गोपाल को घसीट ले गए, वो खून से लथपथ था; मुझ पर फायरिंग की बहराइच में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई हिंसा में गोली लगने से 22 साल के राम गोपाल मिश्रा की मौत हो गई। कई लोग घायल हैं। रविवार शाम से ही पूरा इलाका छावनी बना है। दैनिक भास्कर उस युवक राजन मिश्रा के पास पहुंचा, जिसने सब कुछ अपनी आंखों से देखा। पढ़िए पूरी खबर…

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *