गुजरात, के बाद अब राजस्थान में भारी बारिश हो रही है। जोधपुर और उदयपुर में बाढ़ जैसे हालात हैं। जोधपुर-जैसलमेर रूट पर ट्रैक के नीचे की मिट्टी बह गई। 5 ट्रेन कैंसिल हैं, 2 का रूट बदला गया। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और त्रिपुरा में बारिश-बाढ़ के चलते पिछले 7 दिनों में 64 लोगों की जान गई। आंध्र में 17, तेलंगाना में 16 और त्रिपुरा में 31 लोगों ने जान गंवाई। त्रिपुरा में 72 हजार लोग विस्थापित हुए हैं। वहीं, मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश में चक्रवात की चेतावनी दी है। अगले 24 घंटे में पलनाडु और एनटीआर जिले में अतिभारी तो विशाखापट्टनम, काकीनाड़ा और गुंटूर में भारी बारिश का अलर्ट है। नगालैंड के चुमौकेदिमा जिले के एक गांव में मंगलवार देर रात लैंड स्लाइड में 3 लोगों की मौत हो गई। कई लापता हैं। राजधानी कोहिमा को दीमापुर से जोड़ने वाले NH-29 का एक हिस्सा पूरी तरह बह गया है। मौसम विभाग ने आज छत्तीसगढ़, बिहार समेत 19 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुजरात के महिसागर जिले के 106 गांवों में बाढ़ का अलर्ट है। बीते 6 दिनों में यहां 49 लोगों की जान गई है। राजस्थान से बाढ़ की तस्वीरें… अन्य राज्यों में बाढ़ और बारिश का असर… 5 सितंबर को 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 5 सितंबर को गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुचाणल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्यों में आज मौसम की स्थिति… मध्य प्रदेश: रतलाम-मंदसौर समेत 5 जिलों में आज बारिश की संभावना; सीजन की 95% बारिश, सामान्य से सिर्फ 2 इंच दूर मध्य प्रदेश के रतलाम-मंदसौर समेत 5 जिलों में आज तेज बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटे के दौरान झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, डिंडौरी, सिवनी, बालाघाट जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की आशंका है। राज्य में सीजन की 95% यानी, एवरेज 35.3 इंच बारिश हो चुकी है। सिर्फ 2 इंच पानी गिरते ही इस साल भी सामान्य बारिश का कोटा फुल हो जाएगा। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन तक प्रदेश में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का अनुमान जताया है। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान: 31 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, जयपुर में रातभर रुक-रुक कर बरसात; माही बजाज और पार्वती बांध के गेट खोले राजस्थान के तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के जिलों में मंगलवार (3 सितंबर) को भारी बारिश हुई। जयपुर में देर रात से रुक-रुक कर बरसात हो रही है। धौलपुर में पार्वती बांध के 2 गेट खोलकर पानी की निकासी की गई। बांसवाड़ा में भी माही बजाज सागर बांध फुल हो गया। मंगलवार को बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। आज भी राज्य के 31 जिलों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने राजस्थान में 7 सितंबर तक मानसून के एक्टिव रहने की संभावना जताई है। पूरी खबर पढ़ें… उत्तर प्रदेश: मानसून कमजोर, 24 घंटे में 0.5mm बारिश, प्रयागराज सबसे गर्म रहा, 6 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान UP में मानसून सितंबर महीने में कमजोर पड़ गया है। दक्षिण भारत में जोरदार बारिश करा रहा है। 2 सितंबर से 3 सितंबर तक 24 घंटे में 10 जिलों में सिर्फ 0.5mm बारिश हुई। ये नॉर्मल से 93% कम बरसात है। सबसे ज्यादा 6mm बारिश लखनऊ में रिकॉर्ड हुई। 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रयागराज UP का सबसे गर्म रहा। बरसात का मोमेंटम बिगड़ने से UP में तापमान और उमस दोनों काफी बढ़ गई है। तापमान 37°C तक पहुंच गया है। सितंबर में जून-जुलाई जैसा मौसम लग रहा। सुबह से लेकर शाम 6 बजे तक तेज धूप परेशान कर रही है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 19 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट, पटना में बारिश की संभावना नहीं, भागलपुर में गंगा के कटाव का खतरा बिहार के किशनगंज, मधेपुरा, रक्सौल, बेतिया और लखीसराय में मंगलवार (3 सितंबर) की दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला और झमाझम बारिश हुई। इससे लोगों को उमस-गर्मी से राहत मिली। कई शहरों में बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश के 19 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में नमी के साथ पुरवा हवा चलेगी। इससे आसमान में बादल छाए रहेंगे। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: 4 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, हिसार में 6 साल का रिकॉर्ड टूटा; 8 सितंबर के बाद मानसून धीमा पड़ेगा हरियाणा के कई जिलों में मंगलवार (3 सितंबर) को दिनभर तेज बारिश हुई। हिसार में सितंबर में हुई बारिश का 6 साल का रिकॉर्ड टूट गया। यहां सुबह 57mm बारिश दर्ज की गई। इससे शहर के निचले हिस्सों में जलभराव हो गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य में 8 सितंबर तक मानसून एक्टिव रहेगा। इसके बाद इसकी सक्रियता कम हो जाएगी। अभी तक 11 जिलों में सामान्य और 11 में औसत से कम बारिश हुई है। आज 4 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें…
Posted inNational